पुलिस मुठभेड़ में वांछित बदमाश घायल, एक बाल अपचारी हिरासत में

मुठभेड़ के दौरान बदमाश अनुज यादव के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस मुठभेड़ में वांछित बदमाश घायल, एक बाल अपचारी हिरासत में
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —

औरैया/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत योगी सरकार का ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ लगातार जारी है। इसी क्रम में औरैया जिले के बिधूना थाना क्षेत्र में स्वाट टीम और थाना बिधूना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान वांछित बदमाश को घायल कर गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम मऊ गूरा रोड से खिदरपुर मोड़ के पास पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान छिनैती के मामले में वांछित बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई।

मुठभेड़ के दौरान बदमाश अनुज यादव के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मौके से एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए बदमाश थाना बिधूना में दर्ज छिनैती के मामले में वांछित चल रहे थे। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है।