उरई: यमुना नदी के जीतामऊ मौरंग खंड से किसानों के खेतों से जबरन मौरंग उठा रहा दबंग ठेकेदार

उप्र के उरई जनपद में यमुना नदी में लाल मौरंग सिर्फ एक स्थान पर देखी गई जो महेवा विकास खंड के जीतामऊ ग्राम पंचायत के किनारे उपलब्ध थी।

उरई: यमुना नदी के जीतामऊ मौरंग खंड से किसानों के खेतों से जबरन मौरंग उठा रहा दबंग ठेकेदार
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई (जालौन)/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद में यमुना नदी में लाल मौरंग सिर्फ एक स्थान पर देखी गई जो महेवा विकास खंड के जीतामऊ ग्राम पंचायत के किनारे उपलब्ध थी। तभी किसी ठेकेदार ने उक्त खंड को विभाग के द्वारा शंकर सिंह चंदेल नामक व्यक्ति ने  स्वीकृत करा लिया ।

खंड स्वीकृत के बाद संचालन की शुरुवात हुई तो कई खामियां देखने को मिली। जिसमें दो दर्जन से अधिक किसान ही प्रभावित थे। जिनकी भूमि से मौरंग निकाली जा रही थी क्योंकि खनिज विभाग ने उक्त खंड की स्वीकृति तो दे दी लेकिन सीमांकन नहीं किया।

जिसके चलते ठेकेदार अपनी मर्जी से मौरंग उठा रहा है। किसानों ने पिछले दिनों जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया था जिसमें उन्होंने ठेकेदार के द्वारा अवैध खनन की शिकायत की थी।

जिलाधिकारी राजेश पाण्डेय ने कालपी के उपजिलाधिकारी को मौके पर जाकर जांच करने का फरमान सुनाया था। उपजिलाधिकारी ने  पैमाईश के बाद खनन को रोक दिया था क्योंकि जिस स्थान पर खनन हो रहा था वहां किसानों के नंबरान थे।

एक शिकायत रायपुर मड़ैयां के जमींदार रहे संजीव उपाध्याय ने भी की थी इसमें भी करीब 10 किसान प्रभावित थे जो गाटा संख्या 365/240/3,4,5 के मालिक काबिज है इसमें वह स्वयं और आधा दर्जन परिवार के लोग शामिल है।

जिस पर कार्रवाई तो हुई लेकिन खनन बंद भी हुआ लेकिन फिर कैसे चालू हुआ यह किसी को मालूम नहीं। बताया यह भी जा रहा है कि  ग्राम प्रधान पंकज उपाध्याय भी इस अनैतिक कार्य में भागेदारी निभा रहा है।

इसी की शह पर शंकर सिंह चंदेल गांव के लोगों को धमकाने का कार्य कर रहे है उनसे जबरन जमीन लेना चाह रहा है । यही नदी के तल से जब रास्ते की ओर चलता है तो वहां भी किसानों के कई गाटा बीच में आ रहे है उसमें भी किसानों की बिना सहमति के मौरंग की हैवी ट्रकों को निकाला जा रहा है।

जिलाधिकारी के आदेश पर जब मौरंग खंड को बंद कर दिया गया था तो फिर से चालू करने की अनुमति किसने दी ? किसानों की बेशकीमती जमीन को दबंगई की दम पर ठेकेदार लेने का प्रयास कर रहा है ग्राम प्रधान का स्थानीय सहयोग मिला हुआ है।

वहीं भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री संजीव उपाध्याय ने आज जिलाधिकारी से फिर से शिकायत की जिसमें उन्होंने मौरंग के संचालन को नियमानुसार चलाने की गुहार लगाई। 

उन्होंने कहा कि किसी किसान को कोई हानि नहीं होनी चाहिए किसान संतुष्ट हो जाय तो मुझे कोई दिक्कत नहीं किसान यदि सहमत नहीं है तो फिर चाहे न्यायालय ही क्यों न जाने पड़े जायेंगे और मौरंग खंड को संचालित नहीं होने देंगे ।