उरई: सिंचाई के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि; महोई पंप नहर परियोजना का लोकार्पण, किसानों को होगा लाभ

उप्र के उरई जनपद के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है।

उरई: सिंचाई के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि; महोई पंप नहर परियोजना का लोकार्पण, किसानों को होगा लाभ
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट 

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। तहसील माधौगढ़ के ग्राम महोई में पहूज नदी के बायें तट पर नवनिर्मित महोई पंप नहर परियोजना का प्रदेश सरकार के जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने लोकार्पण किया।

सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत डाली नहर खंड, झांसी द्वारा 22 करोड़ 32 लाख 53 हजार रुपये की लागत से निर्मित इस परियोजना से क्षेत्र के तीन गांवों की 425 हेक्टेयर असिंचित भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी और 625 किसान लाभान्वित होंगे।

जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाना और उन्हें सिंचाई के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। खेती की समृद्धि का आधार पानी है और जब किसान के खेत तक समय से पानी पहुंचेगा, तभी कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और किसान आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगे। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड जैसे क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार अत्यंत महत्वपूर्ण है।

यहां के किसानों को प्राकृतिक परिस्थितियों और वर्षा पर निर्भरता के कारण खेती में अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। सरकार इन चुनौतियों को दूर करने के लिए नहरों, पंप नहरों और अन्य सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंचाने का कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि महोई पंप नहर परियोजना क्षेत्र के किसानों की सिंचाई संबंधी आवश्यकता को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे महोई, और करमरा गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

परियोजना के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंचने से किसानों को अपनी फसलों की सिंचाई के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी और कृषि कार्यों को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने किसानों के हित में जल संसाधनों के बेहतर उपयोग और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।

परियोजना का विवरण देते हुए बताया गया कि महोई गांव में पहूज नदी के बायें तट पर निर्मित इस पंप नहर की क्षमता 10 क्यूसेक है। इसमें दो पंप सेट लगाए गए हैं, जिनमें एक कार्यरत तथा दूसरा स्टैंडबाई के रूप में रहेगा।

परियोजना के तहत आठ किलोमीटर लंबी नहर प्रणाली विकसित की गई है, जबकि कुल हेड 46 मीटर है। इसके माध्यम से कुल 425 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जल वितरण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए परियोजना में लगभग आठ किलोमीटर लंबी पाइपलाइन, 25 कुलाबों तथा आवश्यक तकनीकी संरचनाओं का निर्माण कराया गया है।

पाइपलाइन के माध्यम से महोई, महोबा और करमरा गांवों के विभिन्न क्षेत्रों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। परियोजना के क्रियाशील होने से अब तक सिंचाई सुविधा से वंचित रहे खेतों को भी पानी मिल सकेगा।

उल्लेखनीय है कि परियोजना के निर्माण से पूर्व प्रस्तावित 425 हेक्टेयर क्षेत्र में मात्र 56 हेक्टेयर भूमि ही सिंचित थी। अब शेष भूमि को भी सिंचाई सुविधा से जोड़ने का रास्ता साफ हो गया है। इससे 625 किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने के साथ ही क्षेत्र में कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में सुधार की संभावनाएं मजबूत होंगी।

महोई पंप नहर परियोजना का लोकार्पण माधौगढ़ क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई सुविधा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल तीन गांवों के किसानों की लंबे समय से चली आ रही सिंचाई संबंधी आवश्यकता पूरी होगी, बल्कि बुंदेलखंड में कृषि विकास और जल संसाधनों के बेहतर उपयोग को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

इस अवसर पर माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरजंन, ब्लाक प्रमुख अजीत सिंह, पर्व जिलाध्यक्ष जगदीश तिवारी, परमार्थ संस्था से संजय सिंह आदि जनप्रतिनिधि सहित सम्बधित अधिकारी मौजूद रहे।