ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूर्णेश मिश्रा का हाथरस में प्रथम आगमन, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नवनियुक्त ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूर्णेश मिश्रा के प्रथम बार उप्र के हाथरस जनपद आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई।

ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूर्णेश मिश्रा का हाथरस में प्रथम आगमन, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
Published By- Diwaker Mishra

हाथरस से होमेश कुमार मिश्रा की रिपोर्ट

हाथरस/जनमत न्यूज़। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नवनियुक्त ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूर्णेश मिश्रा के प्रथम बार उप्र के हाथरस जनपद आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। जिला भाजपा कार्यालय पर स्थानीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और पटका पहनाकर उनका जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया।

स्वागत समारोह में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश सह मीडिया संयोजक अनिल सिसोदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष भीकम सिंह चौहान तथा प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी कुलदीप चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिलेभर से पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

किसान हितों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

स्वागत समारोह के उपरांत आयोजित बैठक में ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूर्णेश मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा संगठन का महत्वपूर्ण अंग है। संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर भी कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ जुटने की अपील की।

कार्यक्रम में भाजपा एवं किसान मोर्चा के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह के दौरान संगठन की मजबूती और किसान हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया गया।