सीतापुर में बदमाशों के हौसले बुलंद, दिनदहाड़े लाखों की चोरी; व्यापारियों की सुरक्षा पर सवाल
खबर यूपी के सीतापुर से है जहाँ दिनदहाड़े लाखों रुपये की चोरी ने व्यापारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहांगीराबाद कस्बे में बाइक सवार बदमाशों ने बड़ी ही शातिराना अंदाज में एक व्यापारी के वाहन से नकदी से भरा बैग पार कर दिया।
सीतापुर से अनूप पाण्डेय की रिपोर्ट
सीतापुर/जनमत न्यूज़। खबर यूपी के सीतापुर से है जहाँ दिनदहाड़े लाखों रुपये की चोरी ने व्यापारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहांगीराबाद कस्बे में बाइक सवार बदमाशों ने बड़ी ही शातिराना अंदाज में एक व्यापारी के वाहन से नकदी से भरा बैग पार कर दिया।
पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला सीतापुर के जहांगीराबाद कस्बे के वजेहरा मार्ग का है।
जानकारी के अनुसार नुरुल किराना स्टोर के सामने तम्बौर निवासी व्यापारी मोहम्मद रिजवान और मोहम्मद फैजान सामान की डिलीवरी के लिए अपने 'छोटा हाथी' वाहन से पहुंचे थे। दोनों जैसे ही दुकान पर सामान उतारने में व्यस्त हुए, पहले से रेकी कर रहे छह बदमाश मौके पर पहुंच गए।
बदमाशों ने ड्राइवर सीट के पीछे रखा वह बैग चुरा लिया, जिसमें 80 हजार रुपये की वसूली और करीब 1 लाख 50 हजार रुपये की नकदी रखी थी। कुल 2 लाख 30 हजार रुपये लेकर सभी आरोपी बाइक से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।


