रामपुर: डंपर चालक हत्याकांड का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
उप्र के रामपुर जनपद के थाना पटवाई पुलिस ने डंपर चालक की हत्या के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी।
रामपुर से अभिषेक शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के रामपुर जनपद के थाना पटवाई पुलिस ने डंपर चालक की हत्या के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी।
जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, नाल में फंसा एक खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, 29 जून को थाना पटवाई में चन्द्रपाल उर्फ चंचल की सिर में गोली मारकर हत्या किए जाने के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में योगेश, विनोद और मुनेश सहित अन्य आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
बुधवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पटवाई पुलिस जोलपुर रोड स्थित निर्माणाधीन सोना पुल के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह कच्चे रास्ते से भागने लगा।
बाइक फिसलकर गिरने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी योगेश पुत्र हरदयाल निवासी ग्राम नवाबनगर के दाहिने पैर में गोली लग गई। उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक चन्द्रपाल उर्फ चंचल के उसकी पत्नी से अवैध संबंध थे। उसने उसकी पत्नी के आपत्तिजनक फोटो वायरल कर दिए थे, जिससे परिवार और रिश्तेदारों में बदनामी हो रही थी।
इसी रंजिश में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 29 जून को शाहबाद रोड स्थित मोगा ढाबा के सामने टायर पंचर बनवाने के दौरान चन्द्रपाल की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।


