औरैया: साधु के भेष में टप्पेबाजी के दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी के आभूषण समेत अन्य सामान बरामद
उप्र के औरैया जनपद के सहायल थाना पुलिस ने साधु के भेष में ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर लोगों को भ्रमित करने और उनके आभूषण व कीमती सामान छलपूर्वक हासिल करने वाले दो टप्पेबाजों को गिरफ्तार कर घटना का सफल अनावरण किया है।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के सहायल थाना पुलिस ने साधु के भेष में ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर लोगों को भ्रमित करने और उनके आभूषण व कीमती सामान छलपूर्वक हासिल करने वाले दो टप्पेबाजों को गिरफ्तार कर घटना का सफल अनावरण किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पीली धातु के कानों के टॉप्स समेत बड़ी मात्रा में अंगूठियां, लॉकेट, मूर्तियां, ताबीज और रुद्राक्ष बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक औरैया एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
साधु के भेष में महिला से टप्पेबाजी
मामला थाना सहायल क्षेत्र के ग्राम बर्रू फफूंद का है। पुलिस को 16 अगस्त 2026 को सुधा पत्नी शैलेन्द्र राठौर निवासी ग्राम बर्रू फफूंद ने तहरीर देकर बताया था कि साधु के भेष में आए दो व्यक्तियों ने उन्हें अपनी बातों में उलझाकर उनके कानों के टॉप्स छलपूर्वक ले लिए और मौके से चले गए।
शिकायत के आधार पर थाना सहायल में मु.अ.सं. 128/2026, धारा 318(4)/303(2) बीएनएस के तहत दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।
मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी
घटना के अनावरण के लिए पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के साथ ही सुरागरसी-पतारसी में जुटी थी। इसी दौरान 17 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना दिबियापुर क्षेत्र में रेलवे स्टेशन से आगे बिजलीघर के पास कानपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को घेरकर करीब शाम 6:40 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और आरोपियों के कब्जे से हुई बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गांव-देहात में बनाते थे लोगों को निशाना
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि वे गांव और ग्रामीण क्षेत्रों में भिक्षा मांगने के बहाने जाते थे। वहां भोले-भाले ग्रामीणों और विशेषकर महिलाओं को अपनी बातों में उलझाकर तथा भ्रमित कर उनके पहने हुए आभूषण और घर में रखी अन्य कीमती वस्तुएं छलपूर्वक हासिल कर लेते थे।
आरोपियों ने यह भी बताया कि जहां उन्हें अपने उद्देश्य में सफलता नहीं मिलती थी, वहां वे केवल भिक्षा मांगकर या खाली हाथ वापस लौट जाते थे। छलपूर्वक प्राप्त आभूषण और अन्य सामान को आसपास के बाजारों में बेचकर मिलने वाली रकम को आपस में बांट लेते थे और निजी खर्चों में इस्तेमाल करते थे।
ये आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टमाटर पुत्र कुट्टी, निवासी ग्राम निगातपुर, थाना कछवा, जनपद मिर्जापुर, उम्र करीब 40 वर्ष तथा फिरोज पुत्र काशी, निवासी ग्राम दियांव निगातपुर, थाना कछवा, जनपद मिर्जापुर, उम्र करीब 20 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
बरामद हुआ सामान
- दो जोड़ी कानों के टॉप्स, पीली धातु
- आठ अंगूठियां, पीले रंग की
- चार लॉकेट, पीले रंग के
- तीन मूर्तियां, पीले रंग की
- छह ताबीज, पीले रंग के
- दस रुद्राक्ष, जिनमें नीचे कैप लगी हुई है
- 11 सफेद रंग के ताबीज
पुलिस का कहना है कि बरामद सामान की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों ने इसे किन-किन घटनाओं में छलपूर्वक हासिल किया था।
इनकी रही अहम भूमिका
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी रमेश सिंह, उपनिरीक्षक शकील अहमद, आरक्षी शिवमिलन तथा आरक्षी भगत सिंह, थाना सहायल जनपद औरैया शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीण क्षेत्रों में साधु अथवा भिक्षुक के भेष में घूमकर लोगों को भ्रमित करने वाले टप्पेबाजों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ी है।
पुलिस ने ग्रामीणों से ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।







