हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से 40 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, किसानों को भारी नुकसान

आग लगने से किसान राजकुमार, ऋषिपाल, गोविंद और अंकित समेत कई किसानों की करीब 40 बीघा गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।

हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से 40 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, किसानों को भारी नुकसान
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज। जनपद के हरदोई के पचदेवरा क्षेत्र स्थित सेढामऊ गांव में सोमवार देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से खेतों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में करीब 40 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

बताया जा रहा है कि देर रात खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से अचानक चिंगारी निकली, जिसके कारण सूखी फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों में फैल गई।

आग लगने से किसान राजकुमार, ऋषिपाल, गोविंद और अंकित समेत कई किसानों की करीब 40 बीघा गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन को सूचना दे दी गई है। राजस्व विभाग उत्तर प्रदेश को नुकसान का आकलन करने के लिए निर्देशित किया गया है, ताकि प्रभावित किसानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।