महंगाई के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, भाजपा सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए धर्म और भावनात्मक मुद्दों का सहारा ले रही है, जबकि जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही है।
अयोध्या से आजम खान की रिपोर्ट —
अयोध्या/जनमत न्यूज। बढ़ती महंगाई के विरोध में सोमवार को अयोध्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कमला नेहरू भवन से विरोध मार्च निकालकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान “राहुल गांधी जिंदाबाद” और “भाजपा सरकार मुर्दाबाद” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष चेत नारायण सिंह एवं महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने किया। बड़ी संख्या में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ता कमला नेहरू भवन से मार्च निकालते हुए रिकाबगंज चौराहे की ओर बढ़े। इस दौरान पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड को हटाकर कार्यकर्ता आगे बढ़ गए, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
कांग्रेस नेताओं ने पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण आम आदमी का जीवन प्रभावित हो रहा है और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं आम लोगों की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं।
महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि सरकार जनता को राहत देने के बजाय उन्हें खर्च कम करने और गाड़ियां कम चलाने की सलाह दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रभावी भूमिका निभाने में असफल रही है और विदेशी दबावों के बीच देश की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए धर्म और भावनात्मक मुद्दों का सहारा ले रही है, जबकि जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए महंगाई पर तत्काल नियंत्रण की मांग की।


