गलत दिशा से आ रही कार से टकराकर पेड़ से भिड़ी स्कूली बस, चालक समेत 9 छात्र-छात्राएं घायल
सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —
हरदोई/जनमत न्यूज। हरदोई के बिलग्राम क्षेत्र में मंगलवार को गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा से आ रही एक कार ने स्कूली बस में जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में बस चालक समेत 9 छात्र-छात्राएं घायल हो गए। टक्कर लगते ही बस के अंदर चीख-पुकार मच गई और बच्चों में अफरा-तफरी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों और बस चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घायलों में लविश सिंह, रियांश, आयुष, दिव्या, अयांश, रुद्र सिंह, अंशी यादव, सूर्य कुमार और आयुषी शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में गलत दिशा से आ रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

Janmat News 
