कौशाम्बी में महंगाई और NEET पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का बैलगाड़ी प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

उप्र के कौशाम्बी जिले में NEET परीक्षा पेपर लीक, बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया।

कौशाम्बी में महंगाई और NEET पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का बैलगाड़ी प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
Published By- Diwaker Mishra

कौशाम्बी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट

कौशाम्बी/जनमत न्यूज़। उप्र के कौशाम्बी जिले में NEET परीक्षा पेपर लीक, बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता बैलगाड़ी के साथ जिला मुख्यालय मंझनपुर पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम जनता का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।

कांग्रेस नेताओं ने बैलगाड़ी के जरिए प्रतीकात्मक विरोध जताते हुए कहा कि सरकार की नीतियों के कारण आम आदमी पर महंगाई का भारी बोझ पड़ा है। दूध, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग परेशान है।

जिलाध्यक्ष गौरव पाण्डेय ने आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होते ही सरकार ने जनता पर महंगाई का बड़ा झटका दिया है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार आम लोगों को राहत देने के लिए टैक्स में कटौती और जरूरी कदम नहीं उठाती है, तो कांग्रेस इससे भी बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगी।