जिंदल इंडिया के नाम पर नकली रूफिंग शीट का भंडाफोड़, 50 शीट बरामद; दुकान संचालक पर मुकदमा दर्ज

जिंदल इंडिया लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि संदीप तंवर को काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ व्यापारी कंपनी के नाम पर नकली माल बेचकर ग्राहकों को ठग रहे हैं।

जिंदल इंडिया के नाम पर नकली रूफिंग शीट का भंडाफोड़, 50 शीट बरामद; दुकान संचालक पर मुकदमा दर्ज
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —

रायबरेली/जनमत न्यूज। जनपद रायबरेली के गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र में नामी कंपनी जिंदल इंडिया लिमिटेड के नाम पर नकली रूफिंग शीट बेचने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। पुलिस और कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की संयुक्त कार्रवाई में एक दुकान से 50 नकली रूफिंग शीट बरामद की गईं। इस छापेमारी के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार जिंदल इंडिया लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि संदीप तंवर को काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ व्यापारी कंपनी के नाम पर नकली माल बेचकर ग्राहकों को ठग रहे हैं। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए कंपनी की ओर से गुप्त जांच कराई गई, जिसमें गुरुबक्शगंज स्थित न्यू वर्मा मशीनरी स्टोर का नाम सामने आया।

पुख्ता जानकारी मिलने के बाद गुरुबक्शगंज पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस टीम ने कंपनी प्रतिनिधि के साथ संयुक्त रूप से दुकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान दुकान से जिंदल इंडिया के नाम से बेची जा रही रूफिंग शीट बरामद हुईं। जब इन शीटों की बारीकी से जांच की गई तो उनमें कंपनी का मूल वाटरमार्क और सुरक्षा चिन्ह नहीं पाया गया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि माल पूरी तरह नकली है।

पुलिस ने दुकान संचालक संजय कुमार से माल से संबंधित बिल और अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई भी कागजात नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से 50 नकली रूफिंग शीट जब्त कर लीं।

इस मामले में गुरुबक्शगंज थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4) तथा कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 और 65 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। नकली माल की पूरी सप्लाई चेन की जांच की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। जल्द ही इस गोरखधंधे में शामिल सभी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस और कंपनी प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे नामी कंपनियों का सामान खरीदते समय बिल और उत्पाद पर मौजूद सुरक्षा चिन्हों की जांच जरूर करें, ताकि ठगी से बचा जा सके।