सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में डीएम सख्त, खराब रैंकिंग पर अधिकारियों को चेतावनी

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की स्थिति में कुछ सुधार अवश्य हुआ है, लेकिन अभी भी कई विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं है।

सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में डीएम सख्त, खराब रैंकिंग पर अधिकारियों को चेतावनी
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

बलिया से गणेश तिवारी की रिपोर्ट —

Ballia /जनमत न्यूज। जिलाधिकारी Mangla Prasad Singh ने सोमवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक की। बैठक में विकास एवं राजस्व कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगली समीक्षा बैठक में जिन विभागों की रैंकिंग खराब मिलेगी, उनके खिलाफ शोकॉज नोटिस जारी किया जाएगा।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की स्थिति में कुछ सुधार अवश्य हुआ है, लेकिन अभी भी कई विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं है। वर्तमान में विकास कार्यों में जनपद की रैंकिंग 13वें स्थान पर है, जिसे बेहतर बनाने के लिए सभी विभागों को गंभीरता से कार्य करना होगा।

आरसी पोर्टल पर लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों पर नाराजगी जताई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की रैंकिंग में गिरावट पूरे प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें सुधार के लिए सभी अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।

जननी सुरक्षा योजना में रैंकिंग ‘सी’ मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं पटल सहायकों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजना के संचालन में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

आईसीडीएस पोषण अभियान में भी रैंकिंग ‘सी’ पाए जाने तथा विकासखंड नगरा की स्थिति खराब मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने नगरा की सीडीपीओ को चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही बैठक में अनुपस्थित रहने और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब करने को कहा।

पीएम सूर्य घर मुक्त योजना की रैंकिंग ‘सी’ होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण और फैमिली आईडी योजना में रैंकिंग ‘बी’ पाए जाने पर उन्होंने अधिकारियों से इसे ‘ए’ श्रेणी में लाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

इसके अलावा एसबीएमजी फेस-2 के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, नई सड़कों के निर्माण तथा पीएम आवास योजना शहरी की रैंकिंग में भी सुधार के निर्देश दिए गए। पीएम स्वनिधि योजना की रैंकिंग ‘सी’ होने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को तेजी से कार्य करते हुए योजना को शीर्ष श्रेणी में पहुंचाने के निर्देश दिए।