मुजफ्फरनगर: पुरानी रंजिश में कार सवार युवकों पर फायरिंग, एक गंभीर रूप से घायल
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के नई मंडी थाना क्षेत्र के कुकड़ा ब्लॉक के पास आज शाम लगभग 6:30 बजे सनसनीखेज वारदात सामने आई।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के नई मंडी थाना क्षेत्र के कुकड़ा ब्लॉक के पास आज शाम लगभग 6:30 बजे सनसनीखेज वारदात सामने आई। कार में सवार चार दोस्तों पर बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, शशि मोहन नामक युवक अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ अपनी बलेनो कार में सवार होकर कुकड़ा ब्लॉक चौराहे से बिलासपुर की ओर जा रहा था। तभी पीछे से आए दो बाइक सवार युवकों ने कार पर फायरिंग शुरू कर दी।
इस हमले में शशि मोहन को गोली लगी और वह घायल हो गया घटना की सूचना मिलते ही नई मंडी पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची ओर घायल युवक को उपचार के लिए तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है वर्तमान में घायल की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
शुरुआती जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दोनों पक्षों के बीच लगभग दो साल पहले भी मारपीट और फायरिंग की घटना हुई थी, जिसे लेकर कानूनी मामला चल रहा था। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते आज उन पर हमला किया गया है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं। CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Janmat News 
