मुजफ्फरनगर: लव जिहाद के शोर के बीच युवती ने संभाला मोर्चा, हिंदू संगठन के पदाधिकारियों समेत 5 नामजद

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र से रविवार को एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने शहर के सियासी और सामाजिक माहौल में गरमाहट ला दी है।

मुजफ्फरनगर: लव जिहाद के शोर के बीच युवती ने संभाला मोर्चा, हिंदू संगठन के पदाधिकारियों समेत 5 नामजद
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र से रविवार को एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने शहर के सियासी और सामाजिक माहौल में गरमाहट ला दी है।

जिला परिषद मार्केट में एक मुस्लिम युवक के साथ घूम रही हिंदू युवती को जब कुछ हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने घेरकर लव जिहादका आरोप लगाते हुए हंगामा किया, तो कहानी में एक बड़ा ट्विस्ट आ गया।

संगठन द्वारा पुलिस को तहरीर दिए जाने के बीच, खुद पीड़ित युवती ने आगे आकर आरोपियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और सिविल लाइंस थाने में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया।

दरअसल, रविवार  की दोपहर करीब 3:30 बजे शामली जनपद की रहने वाली एक युवती अपने दोस्त महताब पुत्र अमीर अहमद के साथ जिला परिषद मार्केट में दवाइयां खरीदने आई थी।

दवाइयां लेने के बाद जब दोनों पास ही में छोले-भटूरे खा रहे थे, तभी वहां कुछ युवक पहुंचे जिन्होंने खुद को हिंदू संगठन का पदाधिकारी बताया युवती का आरोप है कि उक्त युवकों ने उन दोनों का नाम-पता पूछना शुरू कर दिया।

जब दोनों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने फोन करके 10-12 अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया और उन्हें चारों तरफ से घेर लिया वायरल वीडियो और एफआईआर में दर्ज शिकायत के मुताबिक, भीड़ ने दोनों को घेरकर मजहबी टिप्पणी की और गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया।

युवती का आरोप है कि आरोपियों ने उसके दोस्त महताब के साथ बर्बरता से मारपीट की। जब युवती अपने दोस्त को बचाने आई, तो आरोपियों ने उसके साथ भी छेड़खानी, अभद्रता और बदसलूकी की।

पीड़िता ने तहरीर में बताया कि आरोपियों ने उसके बाल पकड़कर नीचे गिरा दिया, जिससे उसके कपड़े भी अस्त-व्यस्त हो गए। इस दौरान सड़क पर जमकर हंगामा हुआ और आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी। बाद में राहगीरों ने बीच-बचाव कर दोनों की जान बचाई।

घटना के बाद हिंदू संगठन के पदाधिकारी लोकेश सैनी ने मामले को लव जिहादका रूप देते हुए पुलिस को तहरीर दी थी लेकिन मामले ने तब यू-टर्न ले लिया जब पीड़ित युवती ने खुद थाने में आरोपियों की करतूतों का चिट्ठा खोल दिया। युवती के कड़े रुख के आगे संगठन के आरोप धरे के धरे रह गए

पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीड़ित युवती तानिया (पुत्री ग्यासपाल) की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की कई गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मुकदमे में गौरव शर्मा, कुशल वीर, शुभम, प्रशांत शर्मा और लोकेश सैनी (हिंदू संगठन पदाधिकारी) को नामजद किया गया है।

इसके अलावा 10-12 अन्य अज्ञात साथी भी एफआईआर में शामिल है मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई है। सब-इंस्पेक्टर (SI) प्रशांत कुमार को इस पूरे मामले की विवेचना सौंपी गई है।

पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की शिनाख्त करने में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।