एटा: ईंट से कूचकर पुजारी की हत्या, खून से लथपथ मिला शव; जांच में जुटी पुलिस

उप्र के एटा जनपद के निधौली कलां थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में गुरुवार को हनुमान मंदिर के बाहर 60 वर्षीय बाबा भोजराज पुत्र सूरजपाल का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई।

एटा: ईंट से कूचकर पुजारी की हत्या, खून से लथपथ मिला शव; जांच में जुटी पुलिस
Published By- Diwaker Mishra

एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट

एटा/जनमत न्यूज़। उप्र के एटा जनपद के निधौली कलां थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में गुरुवार को हनुमान मंदिर के बाहर 60 वर्षीय बाबा भोजराज पुत्र सूरजपाल का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही एसएसपी एटा ईलामारन समेत पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। बताया गया कि बाबा भोजराज पिछले करीब 10 से 12 वर्षों से इसी हनुमान मंदिर में रहकर पूजा-पाठ करते थे। वह मंदिर में ही रहते थे और धार्मिक कार्य करते थे।

गुरुवार को मंदिर के बाहर उनका शव मिलने की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। प्रथम दृष्टया ईंट से कूचकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इसी घटनाक्रम में मंदिर से करीब 200 से 250 मीटर की दूरी पर बृजेश नाम का एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल मिला। उसे तत्काल एटा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस घायल बृजेश से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

मामले में पुलिस ने गब्बर नाम के एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस के मुताबिक, गब्बर के शरीर पर खून के निशान भी मिले हैं। उसे मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। हालांकि खून के निशान और बाबा की हत्या के बीच क्या संबंध है, इसकी पुष्टि अभी जांच के बाद ही होगी।

बाबा की हत्या की खबर से उनके परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

एएसपी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।