फर्रुखाबाद: बुजुर्ग को मृत दिखाकर हड़पी 25 बीघा जमीन, एसडीएम ने जांच कराकर कार्यवाही का दिया भरोसा
उप्र के फर्रुखाबाद जनपद में बुजुर्ग को मृत दिखाकर करीब 25 बीघा जमीन हड़पने की सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। मामला जनपद की कायमगंज तहसील क्षेत्र के पचरौली महादेवपुर का है।
फर्रुखाबाद से वरुण दुबे की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज़। उप्र के फर्रुखाबाद जनपद में बुजुर्ग को मृत दिखाकर करीब 25 बीघा जमीन हड़पने की सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। मामला जनपद की कायमगंज तहसील क्षेत्र के पचरौली महादेवपुर का है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सेकेट्री से साठ गांठ कर दबंगों ने वृद्ध मालिखान सिंह को मृतक दिखाकर मृत्यु सर्टिफ़िकेट जारी करा लिया।
वृद्ध का फर्जी परिवार रजिस्टर में नाम चढ़वाकर व मृत्यु सर्टिफ़िकेट बनवाकर फर्जी वरासत करा लिया और इस तरह लेखपाल व कानूनगो से सांठ-गांठ कर 25 बीघा जमीन हड़प ली।
मामला तब खुला जब वृद्ध का बेटा खेत के लिए खाद लेने गया। खतौनी में जमीन नाम न होने से खाद नहीं मिली, तब वृद्ध को जमीन हड़पने की जानकारी हुई।
वृद्ध ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर फर्जी वसीयत बनाकर 25 बीघा जमीन हड़पने शिकायत की। वृद्ध अपने जीवित होने का अधिकारियों को प्रमाण दे रहा है। एसडीएम कायमगंज ने वृद्ध को जांच कराकर कार्यवाही का भरोसा दिया है।







