अयोध्या में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, हटाए गए सड़क किनारे लगे ठेले और अवैध कब्जे
उप्र के अयोध्या शहर के व्यस्ततम चौक क्षेत्र में रविवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटवाया। अभियान का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) श्रेयस त्रिपाठी ने किया।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या शहर के व्यस्ततम चौक क्षेत्र में रविवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटवाया। अभियान का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) श्रेयस त्रिपाठी ने किया।
इस दौरान चौकी चौक प्रभारी मनोज त्रिपाठी सहित पीएसी और सिविल पुलिस बल के जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अभियान के तहत सड़क किनारे लगे ठेले, पटरी दुकानों और अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया।
साथ ही सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों को भी हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया गया। चौक क्षेत्र की कई मिठाई दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण पर भी कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने बताया कि चौक क्षेत्र में प्रतिदिन लगने वाले जाम और राहगीरों को होने वाली परेशानी को देखते हुए यह अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों और ठेला संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।


