महराजगंज: इश्क में अंधी युवती बुरखा पहनकर टावर पर चढ़ी, पत्र फेंककर प्रेमी को दी चेतावनी
उप्र के महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत डोमा काटी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती बुरखा पहनकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
महराजगंज से नवीन प्रकाश मिश्र की रिपोर्ट
महराजगंज/जनमत न्यूज़। उप्र के महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत डोमा काटी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती बुरखा पहनकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों की नजर जब टावर पर खड़ी युवती पर पड़ी तो देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई।
भीड़ बढ़ती देख युवती ने ऊपर से एक पत्र नीचे फेंका। पत्र में उसने एक युवक को संबोधित करते हुए लिखा कि वह पिछले 12 वर्षों से उससे प्रेम करती है और युवक द्वारा छोड़कर जाने से आहत है।
युवती ने चेतावनी दी कि यदि युवक तुरंत वापस नहीं आया तो वह उसके नाम की कसम खाकर जहर खा लेगी। पत्र में कुछ मोबाइल नंबर और युवक के पिता का नाम भी दर्ज बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीण युवती को समझाने-बुझाने में जुटे रहे। काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश जारी रही। गांव में घटना को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है।


