जालौन में प्रशिक्षु आरक्षियों की भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा नगर
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जालौन जनपद के उरई नगर में आज एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस तिरंगा यात्रा का नेतृत्व प्रशिक्षु आरक्षियों ने किया, जिसमें जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी शामिल हुए।

जालौन/जनमत न्यूज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जालौन जनपद के उरई नगर में आज एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस तिरंगा यात्रा का नेतृत्व प्रशिक्षु आरक्षियों ने किया, जिसमें जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी शामिल हुए।
यात्रा की शुरुआत पुलिस लाइन से हुई और टाउनहॉल तक लगभग 5 किलोमीटर के मार्ग पर निकाली गई। इस दौरान सड़कें तिरंगे के रंग में रंगी नजर आईं और चारों ओर देशभक्ति का माहौल छा गया।
तिरंगा यात्रा में शामिल प्रशिक्षु आरक्षियों ने देशभक्ति के गीतों पर कदमताल करते हुए ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरे नगर को देशप्रेम के रंग में सराबोर कर दिया। स्थानीय नागरिक भी बड़ी संख्या में मार्ग के किनारे खड़े होकर यात्रा का स्वागत करते नजर आए।
अधिकारियों ने इसे आज़ादी के अमृत महोत्सव का हिस्सा बताते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक प्रबल करते हैं।