दूल्हे की कार पोखरे में पलटी, बड़ा हादसा टला

दूल्हे की कार चकिया के बैरी गांव से बबुरी स्थित आदर्श लॉन की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि वाहन तेज रफ्तार में था और चालक के नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है।

दूल्हे की कार पोखरे में पलटी, बड़ा हादसा टला
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट —

चंदौली/जनमत न्यूज। जनपद में देर रात एक शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदलते-बदलते बचीं, जब दूल्हे की लग्जरी कार अनियंत्रित होकर पोखरे में पलट गई। हादसा बबुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार दूल्हे की कार चकिया के बैरी गांव से बबुरी स्थित आदर्श लॉन की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि वाहन तेज रफ्तार में था और चालक के नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पोखरे में जा गिरी और पलट गई।

कार में दूल्हे समेत कुल छह लोग सवार थे। हादसे के बाद दूल्हा किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, जबकि अन्य सवारों को स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के दौरान कई लोगों के मोबाइल फोन और गहने पानी में डूब गए।

सूचना मिलते ही बबुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य कराया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।