अयोध्या में भव्यता के साथ संपन्न हुआ दसवां दीपोत्सव, 30 लाख 7 हजार 518 दीपों से जगमगाई रामनगरी

रामनगरी अयोध्या में दसवां दीपोत्सव भव्यता और दिव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में रामकथा पार्क में भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन, भरत मिलाप और राज्याभिषेक का भव्य मंचन किया गया।

अयोध्या में भव्यता के साथ संपन्न हुआ दसवां दीपोत्सव, 30 लाख 7 हजार 518 दीपों से जगमगाई रामनगरी
Published By- Diwaker Mishra

अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट

अयोध्या/जनमत न्यूज़। रामनगरी अयोध्या में दसवां दीपोत्सव भव्यता और दिव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में रामकथा पार्क में भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन, भरत मिलाप और राज्याभिषेक का भव्य मंचन किया गया।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीराम एवं माता सीता की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीकात्मक रूप से राम रथ को अपने हाथों से खींचकर भगवान श्रीराम का स्वागत किया।

रामकथा पार्क पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह समेत कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हेलीकॉप्टर के माध्यम से पुष्पक विमान के स्वरूप में भगवान श्रीराम, माता सीता और भाई लक्ष्मण का स्वरूप धारण किए कलाकार रामकथा पार्क के समीप पहुंचे। वहां पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। इसके साथ ही हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।

इसके बाद रामकथा पार्क में भरत मिलाप का भावपूर्ण मंचन हुआ, जिसमें भगवान श्रीराम और भरत के पुनर्मिलन का प्रसंग जीवंत हो उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण को रथ पर विराजमान कराया और स्वयं रथ खींचकर उनका स्वागत किया।

इसके बाद उपराष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम का विधि-विधान से पूजन और आरती की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक संपन्न हुआ। इस दौरान संत-महात्माओं का सम्मान भी किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामकथा पार्क में लगाई गई विशेष प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्रदर्शनी में वर्ष 1528 से लेकर वर्तमान समय तक अयोध्या के ऐतिहासिक सफर, संघर्ष और विकास यात्रा को प्रदर्शित किया गया।

इससे पहले सुबह साकेत महाविद्यालय से रामकथा पार्क तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में रामायण के सातों कांडों पर आधारित आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। देश-विदेश से आए लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया।

दीपोत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में शाम को सरयू तट पर भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। इसके साथ ही राम की पैड़ी के 56 घाटों सहित विभिन्न घाटों पर लाखों दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

दीपोत्सव के नोडल अधिकारी प्रो. संत शरण मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार एक साथ कुल 30 लाख 7 हजार 518 दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जबकि लक्ष्य 30 लाख दीप जलाने का निर्धारित था। इस उपलब्धि के साथ रामनगरी ने नया विश्व रिकॉर्ड बनाया।

उसके बाद लेजर शो ड्रोन शो किया गया। दीपों की रोशनी से सरयू तट और रामनगरी का नजारा अलौकिक हो उठा। इसके बाद भव्य आतिशबाजी ने आसमान को रंगीन रोशनी से भर दिया। अंत में रामलीला का मंचन किया गया। भक्ति, आस्था, संस्कृति और आधुनिकता के अद्भुत संगम के साथ अयोध्या का दसवां दीपोत्सव भव्य रूप से संपन्न हुआ।