कौशाम्बी में भीषण सड़क हादसा, चाचा भतीजा समेत 4 की मौत; ट्रैक्टर लेकर चालक फरार

उप्र के कौशाम्बी जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर चार जिंदगियां निग़ल लिया। यहां देर शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार पांच लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।

कौशाम्बी में भीषण सड़क हादसा, चाचा भतीजा समेत 4 की मौत; ट्रैक्टर लेकर चालक फरार
Published By- Diwaker Mishra

कौशाम्बी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट

कौशाम्बी/जनमत न्यूज़। उप्र के कौशाम्बी जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर चार जिंदगियां निग़ल लिया। यहां देर शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार पांच लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में चाचा भतीजा समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर एसपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी है।

घटना करारी थाना क्षेत्र के महराजगंज इलाके की है। बताया जा रहा है कि पांचों लोग एक ही बाइक पर सवार होकर किसी कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान महराजगंज इलाके में सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दिया जिससे बाइक पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया डायल 112 घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को अस्पताल भेजा गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार वाहन चालक की तलाश जारी है। चेकिंग मार्ग पर लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की बात कही।