चंदौसी में रिटायर्ड शिक्षक की बेटी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, घर में अकेली थी युवती

दीपिका तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसका बड़ा भाई जयपुर में और बहन दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि मां मीना देवी पिछले दस दिनों से अपने मायके बदायूं जिले के उझानी क्षेत्र में गई हुई थीं।

चंदौसी में रिटायर्ड शिक्षक की बेटी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, घर में अकेली थी युवती
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

संभल से रामब्रेस यादव की रिपोर्ट —

संभल/जनमत न्यूज। संभल जनपद के चंदौसी कोतवाली क्षेत्र स्थित पंचशील कॉलोनी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां रिटायर्ड शिक्षक की 24 वर्षीय बेटी ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान दीपिका सिंह के रूप में हुई है, जो रिटायर्ड शिक्षक मेहताब सिंह की बेटी थी। बताया जा रहा है कि मेहताब सिंह मार्च 2026 में संभल के एक इंटर कॉलेज से सेवानिवृत्त हुए थे। घटना के समय दीपिका घर में अकेली थी, जबकि उसके पिता दूध लेने के लिए डेयरी गए हुए थे।

करीब एक घंटे बाद जब पिता वापस लौटे तो घर का मुख्य लोहे का गेट अंदर से बंद मिला। उन्होंने लगभग 20 मिनट तक बेटी को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पड़ोसियों को बुलाकर एक मजदूर की मदद से गेट तुड़वाया गया। घर के अंदर पहुंचने पर दीपिका के कमरे का दरवाजा भी अंदर से बंद मिला। खिड़की से झांककर देखा गया तो युवती साड़ी के फंदे से पंखे पर लटकी हुई थी। यह दृश्य देखकर पिता बदहवास हो गए।

सूचना मिलते ही चंदौसी पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ चंदौसी दीपक तिवारी और थाना प्रभारी अनुज तोमर फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि दीपिका बीए फाइनल की परीक्षा में असफल होने के कारण मानसिक तनाव में थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की अभी जांच की जा रही है और फिलहाल परिजनों की ओर से कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।

बताया जा रहा है कि दीपिका तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसका बड़ा भाई जयपुर में और बहन दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि मां मीना देवी पिछले दस दिनों से अपने मायके बदायूं जिले के उझानी क्षेत्र में गई हुई थीं। घटना के समय घर में केवल पिता और बेटी मौजूद थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।