हाथरस में दबंगों के हौसले बुलंद, पुलिस के सामने दो पक्षों में जमकर मारपीट; वीडियो वायरल

उप्र के हाथरस जनपद में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्हें पुलिस का भी कोई खौफ नहीं है। इसका नजारा हाथरस सदर क्षेत्र के बीएच ऑयल मिल रोड पर देखने को मिला, जहां दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर जमकर मारपीट हो गई।

हाथरस में दबंगों के हौसले बुलंद, पुलिस के सामने दो पक्षों में जमकर मारपीट; वीडियो वायरल
Published By- Diwaker Mishra

हाथरस से होमेश मिश्रा की रिपोर्ट

हाथरस/जनमत न्यूज़। उप्र के हाथरस जनपद में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्हें पुलिस का भी कोई खौफ नहीं है। इसका नजारा हाथरस सदर क्षेत्र के बीएच ऑयल मिल रोड पर देखने को मिला, जहां दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर जमकर मारपीट हो गई।

हैरानी की बात यह रही कि मौके पर पहुंची पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लात-घूंसे और थप्पड़ बरसाते रहे। पुलिसकर्मी लगातार उन्हें रोकने का प्रयास करते रहे, लेकिन मारपीट करने वालों पर इसका कोई असर दिखाई नहीं दिया।

दरअसल, हाथरस सदर क्षेत्र के बीएच ऑयल मिल रोड पर गुरुवार शाम दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट शुरू हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के सामने ही मारपीट का सिलसिला जारी रहा। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर थप्पड़, लात और घूंसे बरसाते नजर आए।

बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों की संख्या महज दो थी, जबकि मारपीट करने वालों की संख्या एक दर्जन से अधिक बताई जा रही है। ऐसे में पुलिसकर्मी काफी देर तक अकेले ही दोनों पक्षों को समझाने और अलग करने का प्रयास करते रहे, लेकिन कोई भी पक्ष पीछे हटने को तैयार नहीं था।

इस दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। गुरुवार शाम की बताई जा रही इस मारपीट का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में घटना की चर्चा हो रही है।

फिलहाल दोनों पक्षों के बीच मारपीट की असली वजह क्या थी, इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, पुलिस के सामने ही इस तरह खुलेआम मारपीट होने का वीडियो कानून के खौफ को लेकर भी सवाल खड़े कर रहा है।