प्रतापगढ़ में 276 जोड़ों ने लिए सात फेरे, सामूहिक विवाह समारोह में जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के जीआईसी मैदान में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पहले चरण का आयोजन किया गया। समारोह में 276 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर सात फेरे लिए और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के जीआईसी मैदान में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पहले चरण का आयोजन किया गया। समारोह में 276 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर सात फेरे लिए और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
पहले चरण में 310 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित समारोह में सभी जोड़ों का विवाह एक ही मंडप में संपन्न कराया गया।
इस दौरान सदर विधायक राजेंद्र मौर्य, विश्वनाथगंज विधायक जीतलाल पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में कुल 1,155 जोड़ों की शादी कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 3, 6, 16 और 19 नवंबर को चार चरणों में विवाह समारोह आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत सरकार प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च करेगी। इसमें 64 हजार रुपये वधू के बैंक खाते में भेजे जाएंगे, 21 हजार रुपये के उपहार दिए जाएंगे, जबकि 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च किए जाएंगे। पहले चरण का आयोजन संपन्न होने के बाद अब समाज कल्याण विभाग आगामी चरणों के विवाह समारोह की तैयारियों में जुटा है।



