प्रतापगढ़ में शातिर अभियुक्त शुभम सोनकर मुठभेड़ में गिरफ्तार, 50 हजार रुपये का था इनामी
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में पुलिस ने हत्या और दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त शुभम सोनकर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में पुलिस ने हत्या और दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त शुभम सोनकर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की।
थाना मानिकपुर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में दबोच लिया गया।
दरअसल, पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि वांछित अभियुक्त शुभम सोनकर अवैध असलहे के साथ कौशाम्बी की ओर से करेंटी गंगा पुल होते हुए अपने अधिवक्ता से मिलने जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम करेंटी तिराहे पर घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त घायल होकर गिर पड़ा।पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक खोखा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी कालाकांकर भेजा गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि इस मामले में पहले ही एक बाल अपचारी को पकड़कर किशोर न्याय बोर्ड भेजा जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी को जेल भेजा गया था। पुलिस अब पूरे मामले में विधिक कार्रवाई आगे बढ़ा रही है और वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।


