चोरी खुलासे में नाकाम 14 उपनिरीक्षकों को एसपी ने किया लाइन हाजिर
पुलिस अधीक्षक की इस सख्त कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में सतर्कता बढ़ गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के खुलासे को लेकर और भी कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।
बलरामपुर से गुलाम नबी की रिपोर्ट —
बलरामपुर/जनमत न्यूज। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए चोरी की घटनाओं के अनावरण में असफल रहने वाले 14 उपनिरीक्षकों को लाइन हाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खुलासे में संबंधित उपनिरीक्षक अपेक्षित प्रगति नहीं कर सके थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी विकास कुमार ने सख्त रुख अपनाते हुए यह कदम उठाया।
एसपी की इस कार्रवाई को पुलिस महकमे के लिए स्पष्ट संदेश माना जा रहा है कि लापरवाही, निष्क्रियता और कार्य में ढिलाई किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।
लाइन हाजिर किए गए उपनिरीक्षकों में ज्ञानचंद, रामकुमार वर्मा, राजेश गुप्ता, कैलाश प्रसाद, नवनीत सिंह, कौशल किशोर, प्रदीप यादव, अविनाश कुमार सिंह, राहुल सिंह, अर्जुन प्रसाद, अरुण कुमार पाटिल, मूल चंद, शिवेंद्र प्रताप सिंह तथा वीरेंद्र कुमार पाल शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक की इस सख्त कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में सतर्कता बढ़ गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के खुलासे को लेकर और भी कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।


