Google I/O 2025 में दिखी भारत की तकनीकी ताकत, AI और स्मार्ट ग्लास में दिखा देसी प्रभाव
Google I/O 2025 ने इस बार तकनीक की दुनिया में भारत की अहमियत को पूरी मजबूती से दर्शाया...

Tech News: मंगलवार रात 10:30 बजे (भारतीय समयानुसार) से Google I/O 2025 का आगाज हुआ। 20 और 21 मई को आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन गूगल ने नई तकनीकों और प्रोडक्ट्स की झलक पेश की। इनमें लेटेस्ट AI मॉडल, उन्नत टेक्स्ट-टू-स्पीच सिस्टम और हाई-टेक स्मार्ट ग्लासेज शामिल रहे। इनमें से कुछ टेक्नोलॉजीज़ को अमेरिका में उपयोगकर्ताओं के लिए तुरंत जारी किया गया, जबकि कुछ केवल डेवलपर्स के लिए उपलब्ध कराई गई हैं।
इस बार Google I/O में भारत की मौजूदगी बेहद अहम रही। न सिर्फ फीचर्स को भारतीय उपयोगकर्ताओं को ध्यान में रखकर बनाया गया, बल्कि मंच पर इन्हें प्रस्तुत करने वाले भी भारतीय मूल के विशेषज्ञ थे। इस कार्यक्रम में चीन और पाकिस्तान जैसी जगहों पर कोई खास ध्यान नहीं दिया गया और न ही इनकी भाषाओं पर कोई विशेष ज़िक्र किया गया।
गूगल ने संकेतों में स्वीकार किया कि भारत उसके प्रमुख बाज़ारों में से एक है। यह बात गूगल द्वारा पेश की गई AI तकनीकों और स्मार्ट चश्मों में भी नजर आई। हिंदी समेत अन्य भारतीय भाषाओं में AI मॉडल को प्रशिक्षित किया गया है। स्मार्ट ग्लास और Gemini AI जैसे प्रोजेक्ट्स भी भारतीय जरूरतों को ध्यान में रखकर डिज़ाइन किए गए हैं।
इस कार्यक्रम में तीन भारतीय मूल की प्रतिभावान महिलाएं—तुलसी दोशी, विद्या श्रीनिवासन और निष्ठा भाटिया—सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहीं। उन्होंने न केवल अपनी प्रोजेक्ट्स को दुनिया के सामने रखा, बल्कि भारत की तकनीकी शक्ति को भी दर्शाया।
गूगल ने अपने Gemini 2.5 Pro मॉडल के साथ एक नया टेक्स्ट-टू-स्पीच AI सिस्टम लॉन्च किया, जो सिर्फ लिखे हुए शब्दों को आवाज नहीं देता बल्कि व्यक्ति की टोन, भावना और लहजे को भी पहचानता है। यह फीचर गूगल मीट में लाइव ट्रांसलेशन के रूप में प्रदर्शित किया गया, जिसमें हिंदी भाषा का उपयोग कर इसकी बहुभाषी क्षमता को दिखाया गया। शुरुआत में यह अंग्रेजी और स्पेनिश में मिलेगा, लेकिन जल्द ही हिंदी सहित अन्य भाषाओं में भी रोलआउट किया जाएगा।
इसके अलावा, Google के स्मार्ट ग्लासेज ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। Android XR और Gemini AI आधारित यह चश्मा रीयल-टाइम ट्रांसलेशन, नेविगेशन और विजुअल एनालिसिस जैसे फीचर्स से लैस है। इसे Samsung, Warby Parker और Gentle Monster जैसे ब्रांड्स के साथ मिलकर तैयार किया गया है। निष्ठा भाटिया ने फारसी और हिंदी के बीच रीयल-टाइम ट्रांसलेशन दिखाकर इसकी ताकत का परिचय दिया।
यह प्रोडक्ट भविष्य की स्मार्ट एक्सेसरीज़ की झलक देता है और टेक्नोलॉजी की दिशा में एक नया अध्याय जोड़ता है।