रायबरेली में नवजात चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश, 9 गिरफ्तार

इस सराहनीय कार्रवाई पर रवि कुमार ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

रायबरेली में नवजात चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश, 9 गिरफ्तार
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —

रायबरेली/जनमत न्यूज। रायबरेली पुलिस ने नवजात बच्चों की चोरी और खरीद-फरोख्त करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली नगर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार महिलाओं समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अपहृत 9 माह के मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है तथा घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली गई है।

मामला 13 मई का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश निवासी एक महिला अपने बच्चे के साथ ट्रेन से दिल्ली से लखनऊ जा रही थी। सफर के दौरान एक महिला आरोपी उससे घुलमिल गई और रायबरेली स्टेशन के पास बच्चे को खिलाने के बहाने गोद में लेकर फरार हो गई। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस गिरोह तक पहुंचने में सफल रही। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह अस्पतालों, गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर अकेली महिलाओं को निशाना बनाता था। आरोपी नवजात बच्चों का अपहरण कर उनकी खरीद-फरोख्त करते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह कई राज्यों में सक्रिय था और लंबे समय से इस अवैध कारोबार में शामिल था।

पुलिस ने इस मामले में रामकुमार दास, रेशमा दास, किरणजीत कौर उर्फ सरदार आंटी, सुमित कुमार, संजय कुमार, ब्रह्मपाल सिंह, अर्चना, बबीता और हरिश्चंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

इस सराहनीय कार्रवाई पर रवि कुमार ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।