शहबाज को बड़ा झटका, ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में घुस रहे पाकिस्तानी जहाज को रास्ते से खदेड़ा
ईरान ने पाकिस्तान को तगड़ा झटका देते हुए कराची जा रहे एक जहाज को खदेड़ दिया है। ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने कहा है कि जहाज बिना मंजूरी के कराची की तरफ बढ़ रहा था जिसे वापस भेज दिया गया है।
तेहरान/इस्लामाबाद/जनमत न्यूज़। ईरान ने पाकिस्तान को तगड़ा झटका देते हुए कराची जा रहे एक जहाज को खदेड़ दिया है। ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने कहा है कि जहाज बिना मंजूरी के कराची की तरफ बढ़ रहा था जिसे वापस भेज दिया गया है।
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य पर कंटेनर जहाज SELEN को वापस लौटा दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक यह जहाज पाकिस्तान के कराची बंदरगाह की तरफ बढ़ रहा था लेकिन मंजूरी नहीं लेने की वजह से इसे वापस भेज दिया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक यह जहाज संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह बंदरगाह से रवाना हुआ था और पाकिस्तान के कराची जा रहा था। लेकिन ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की नौसेना ने इस जहाज को होर्मुज जलडमरूमध्य पार करने से रोक दिया और उसे वापस लौटने पर मजबूर कर दिया।
IRGC के कमांडर अलीरेजा तंगसिरी के मुताबिक जहाज के पास जलडमरूमध्य से गुजरने की कानूनी अनुमति नहीं थी और उसने प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया था। इस्लामाबाद स्थिति ईरानी दूतावास ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इसकी पुष्टि की है।
IRGC ने पाकिस्तान जा रहे जहाज को होर्मुज से खदेड़ा
अलीरेजा तंगसिरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि 'कंटेनर जहाज SELEN को IRGC नौसेना ने वापस लौटा दिया है क्योंकि उसने कानूनी प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया था और उसके पास होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति नहीं थी।
इस जलमार्ग से किसी भी जहाज के गुज़रने के लिए ईरान के समुद्री प्राधिकरण के साथ पूर्ण कॉर्डिनेशन आवश्यक है और यह उपलब्धि ईरान के नेक लोगों के समर्थन के बिना संभव नहीं हो पाती।' पाकिस्तान जो ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम को लेकर समझौता करने की कोशिश कर रहा है उसके लिए ये एक बहुत बड़ा झटका है।
समझा जा सकता है कि जो ईरान, पाकिस्तान के जहाज को लौटा सकता है वो पाकिस्तान के युद्धविराम मध्यस्थता को लेकर कितना गंभीर होगा। Equasis के डेटा के मुताबिक SELEN (IMO: 9208459) एक छोटा जहाज है और साल 2000 में बना फीडर कंटेनर जहाज है।
ये जहाज सेंट किट्स और नेविस के झंडे के तहत चलता है और इसका डेडवेट लगभग 6,850 टन है। इसका प्रबंधन दुबई स्थित Exceed Oceanic Trading LLC कंपनी करती है और इसका मालिकाना हकExceed 2 Oceanic Co Inc के पास है।
जहाजों से भारी भरकम फीस वसूल रहा है ईरान
आपको बता दें कि यह घटना ऐसे समय में हुई है जब नई रिपोर्टों से पता चलता है कि ईरान ने होर्मुज से गुजरने की कोशिश कर रहे कुछ कमर्शियल जहाजों पर हर यात्रा के लिए 2 मिलियन डॉलर तक की एड-हॉक ट्रांजिट फीस लगाना शुरू कर दिया है।
यानि ईरान ने होर्मुज में टोल लगाना शुरू कर दिया है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक ये पेमेंट चुपचाप और अनियमित रूप से किए जा रहे हैं। कुछ जहाज इनका पालन कर रहे हैं जबकि पैसे नहीं देने वाले जहाजों की सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं है।

Janmat News 
