शाहजहांपुर से राजीव शुक्ला की रिपोर्ट —
शाहजहांपुर/जनमत न्यूज। शाहजहांपुर में शहीदों की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले को लेकर व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उद्योग व्यापार मंडल के व्यापारियों ने इस घटना के विरोध में प्रदर्शन करते हुए नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
व्यापारी नेताओं ने कहा कि शाहजहांपुर को शहीदों की नगरी के रूप में पूरे देश में जाना जाता है। इस धरती ने महान क्रांतिकारियों को जन्म दिया है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। ऐसे में उनकी प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
व्यापारी नेता सलाउद्दीन ने नगर आयुक्त विपिन मिश्रा को ज्ञापन देते हुए बताया कि इस शहर की पहचान महान क्रांतिकारियों पंडित रामप्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह और अशफाक उल्ला खां जैसे शहीदों से जुड़ी हुई है। ऐसे महापुरुषों की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
इस पर नगर आयुक्त विपिन मिश्रा ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है और दोषियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।
व्यापारी नेता सलाउद्दीन ने इस दौरान बहादुरगंज क्षेत्र में पुरुष शौचालय की समस्या को भी नगर आयुक्त के सामने उठाया। उन्होंने कहा कि गोलगंज में स्थित पुराने शौचालय को ही मरम्मत कराकर चालू कर दिया जाए, जिससे क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिल सके।
वहीं, इस पूरे मामले का संज्ञान प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा भी लिया गया है। जिला अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जिन लोगों ने महापुरुषों की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।