अयोध्या के एकलव्य छात्रावास पर कब्जे का मामला: निषाद समाज के अध्यक्ष ने मत्स्य मंत्री से की मुलाकात
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद के निषाद राज चौराहा स्थित महर्षि वेदव्यास द्वारा संचालित निषाद एकलव्य छात्रावास पर हुए कब्जे को लेकर निषाद समाज में आक्रोश है।
छात्रावास को खाली कराने की मांग को लेकर निषाद समाज के अध्यक्ष संतोष निषाद ने आज मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया।
मीडिया से बात करते हुए निषाद समाज के अध्यक्ष संतोष निषाद ने बताया कि आपके मीडिया के माध्यम से हम लोग अपने निषाद राज छात्रावास की चर्चा पहले भी बता चुके हैं। यह एक बहुत बड़ा और विशेष मुद्दा है। हमारे छात्रावास पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि इसी सिलसिले में आज माननीय मंत्री जी को संज्ञान में डाला गया है। मंत्री जी ने निश्चित ही आश्वासन दिया है। यहां के जनप्रतिनिधियों से भी लगातार आश्वासन मिल रहा है। संत-महात्माओं से भी इसकी चर्चा हो रही है और शासन स्तर पर भी इस मामले को पहुंचाया जा चुका है।
संतोष निषाद ने कहा कि सभी लोग आश्वासन दे रहे हैं कि आप लोग धैर्य बनाए रखिए, निश्चित ही जल्द से जल्द इसको कब्ज़ा मुक्त कराकर आप लोगों को दिलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एक तो हमारी सोसाइटी का रजिस्ट्रेशन 2010 में हुआ था। उसको लेकर भी कुछ लोग आपत्ति जाहिर कर रहे हैं कि सोसाइटी रिन्यू न हो। उसको लेकर भी हम लोग जनप्रतिनिधियों से मिले थे। इसकी भी सूचना दी गई है।
जनप्रतिनिधियों ने कहा है कि जल्द ही सोसाइटी का रिन्यूअल कर दिया जाएगा। संतोष निषाद ने बताया कि माननीय मंत्री जी के संज्ञान में छात्रावास के बारे में पहले भी डाला गया था, आज भी डाला गया है।
निश्चित ही चुनाव से पहले इस समस्या का समाधान करते हुए छात्रावास को खाली करा दिया जाएगा। इस दौरान उनके साथ छात्रावास के अध्यक्ष मनी राम निषाद,उपाध्यक्ष हेमंत कुमार निषाद सहित निषाद समाज के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।



