कन्नौज: युवक की मौत के बाद अंतिम संस्कार को लेकर विवाद, पत्नी के मायके पक्ष वालों ने किया विरोध

उप्र के कन्नौज जनपद के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के मंगदपुरवा गांव में एक युवक की मौत के बाद अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति बन गई।

कन्नौज: युवक की मौत के बाद अंतिम संस्कार को लेकर विवाद, पत्नी के मायके पक्ष वालों ने किया विरोध
Published By- Diwaker Mishra

कन्नौज से अश्विनी पाठक की रिपोर्ट

कन्नौज/जनमत न्यूज़। उप्र के कन्नौज जनपद के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के मंगदपुरवा गांव में एक युवक की मौत के बाद अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, औरैया जनपद के बिधूना तहसील क्षेत्र के भटौली गांव निवासी जीत बाथम पुत्र चेतराम बाथम लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। इलाज के दौरान वह अपनी ननिहाल मंगदपुरवा आए हुए थे, जहां उनकी मृत्यु हो गई।

बताया गया कि उनकी शादी हसेरन ब्लॉक क्षेत्र के सुखसेनपुर गांव निवासी रामप्रकाश बाथम की बेटी संजना उर्फ तान्या से हुई थी। मृतक के ससुर रामप्रकाश बाथम का आरोप है कि जब उनकी बेटी अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ मौके पर पहुंची तो उसे शव को छूने नहीं दिया गया और धक्का देकर अलग कर दिया गया।

उनका यह भी कहना है कि उन्होंने मृतक के पिता से 6 माह की मासूम बच्ची के भविष्य के लिए कुछ आर्थिक सहायता की मांग की, लेकिन बात नहीं बनी। इसी विवाद के चलते लड़की पक्ष के लोगों ने कुछ समय तक शव उठाने का विरोध किया।

सूचना मिलने पर इंदरगढ़ थाना प्रभारी नीलम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के समझाने और सहायता का आश्वासन मिलने के बाद मामला शांत हुआ, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।