कुशीनगर: घरेलू विवाद में पहली पत्नी ने की पति की गला रेतकर हत्या, इलाके में सनसनी; आरोपी महिला फरार

उप्र के कुशीनगर जनपद के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के जंगल जगदीशपुर गांव के मदरहवां निवासी 50 वर्षीय ओमप्रकाश राजभर की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई।

कुशीनगर: घरेलू विवाद में पहली पत्नी ने की पति की गला रेतकर हत्या, इलाके में सनसनी; आरोपी महिला फरार
Published By- Diwaker Mishra

कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट

कुशीनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के कुशीनगर जनपद के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के जंगल जगदीशपुर गांव के मदरहवां निवासी 50 वर्षीय ओमप्रकाश राजभर की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई।

घटना शनिवार सुबह करीब 6 बजे पड़रौना कोतवाली क्षेत्र के जंगल चौरिया गांव स्थित एक खेत में हुई। घरेलू विवाद में हत्या किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस आरोपी महिला की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश राजभर पुत्र बेचू राजभर की पहली शादी से तीन बेटियां और एक बेटा हैं। करीब 18 वर्ष पहले उन्होंने दूसरी महिला से भी शादी कर ली थी और उसके साथ रहने लगे थे। दूसरी पत्नी से भी उनका एक बेटा और एक बेटी हैं।

बताया जा रहा है कि ओमप्रकाश ने अपनी पुश्तैनी कृषि भूमि का कुछ हिस्सा बेच दिया था। पहली पत्नी खेती की जमीन में हिस्सेदारी नहीं मिलने से नाराज थी। इसी बात को लेकर शनिवार सुबह दोनों के बीच कहासुनी हुई।

विवाद बढ़ने पर पहली पत्नी ने कथित तौर पर धारदार हथियार से ओमप्रकाश पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के दौरान मृतक की दूसरी पत्नी बीच बचाव में घायल हुई हैं। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

पड़रौना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चरी में भेज दिया है। आरोपी महिला फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।