लखीमपुर खीरी: तस्करी नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 80 लाख की ब्राउन शुगर के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
उप्र के लखीमपुर खीरी जनपद के तराई क्षेत्र और इंडो नेपाल बॉर्डर से सटे पलिया कोतवाली की कमान संभालते ही प्रभारी निरीक्षक थाना पलिया शिवाजी दुबे ने अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए लगातार प्रभावी कार्रवाई शुरू कर दी है।
लखीमपुर खीरी से लोकेंद्र प्रताप सिंह की रिपोर्ट
लखीमपुर खीरी/जनमत न्यूज़। उप्र के लखीमपुर खीरी जनपद के तराई क्षेत्र और इंडो नेपाल बॉर्डर से सटे पलिया कोतवाली की कमान संभालते ही प्रभारी निरीक्षक थाना पलिया शिवाजी दुबे ने अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए लगातार प्रभावी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पलिया पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 80 लाख रुपये मूल्य की 400 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) के साथ चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
आपको बता दें कि पुलिस टीम ने भीरा रोड स्थित मेला घाट मोड़ के पास अतरिया क्रॉसिंग से पहले घेराबंदी कर चारों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में सनी कुमार गुप्ता (पलिया), पप्पू सिंह (पीलीभीत), तरसेम सिंह (उधम सिंह नगर, उत्तराखंड) तथा परमजीत सिंह (जनपद खीरी) शामिल हैं।
पुलिस ने पूछताछ में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है। जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।


