अयोध्या के हाशमी नगर में ईद मिलादुन्नबी पर 28वें वर्ष हुआ लंगर, हजारों लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद

उप्र के अयोध्या जनपद के पुरानी सब्जी मंडी स्थित हाशमी नगर में ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर अंजुमन शैदाये मुस्तफा की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी लंगर का आयोजन किया गया।

अयोध्या के हाशमी नगर में ईद मिलादुन्नबी पर 28वें वर्ष हुआ लंगर, हजारों लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद
Published By- Diwaker Mishra

अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट

अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद के पुरानी सब्जी मंडी स्थित हाशमी नगर में ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर अंजुमन शैदाये मुस्तफा की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी लंगर का आयोजन किया गया।

सदर मुजीबउद्दीन हाशमी बच्चा, नायब सदर जैनुलआबदीन गुड्डू, खजांची सलाउद्दीन, सेक्रेटरी मोहम्मद रईस राजा वी और कमेटी सदस्यों के नेतृत्व में आयोजित लंगर में हजारों लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। कुल शरीफ के बाद शाम करीब सात बजे शुरू हुआ लंगर देर रात तीन बजे तक चला।

इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन स्थल पर पहुंचे और आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ लंगर ग्रहण किया। अंजुमन के सदर मुजीबउद्दीन हाशमी ने बताया कि वर्ष 1998 से लगातार ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर लंगर का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष लंगर का 28वां वर्ष है।

उन्होंने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब ने पूरी इंसानियत को प्रेम, भाईचारे, एकता और जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया। इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए हर वर्ष लंगर का आयोजन किया जाता है।

उन्होंने कहा कि गरीब, मजलूम और जरूरतमंदों की मदद करना तथा भूखे को भोजन कराना इंसानियत की बड़ी सेवा है। इसी भावना के साथ अंजुमन की ओर से यह आयोजन किया जाता है।

मुजीबउद्दीन हाशमी ने बताया कि ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दिन फतेहगंज में भी लंगर और स्वागत स्टॉल लगाए जाते हैं, जहां जुलूस में शामिल जायरीन को लंगर कराया जाता है। उन्होंने सभी लोगों को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद देते हुए समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता बनाए रखने की अपील की।