अयोध्या में पूर्व राज्यसभा सांसद पर जानलेवा हमला, पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी को लेकर है विवाद; वीडियो वायरल
उप्र के अयोध्या जनपद से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। यहाँ पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. आलिया जुबैरी के साथ मारपीट का मामला प्रकाश में आया है।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। यहाँ पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. आलिया जुबैरी के साथ मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। पूर्व सांसद के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा विवाद पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी को लेकर शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि नौबत हाथापाई और जानलेवा हमले तक पहुंच गई।
राज्यसभा सांसद रह चुकी डॉ. आलिया जुबैरी ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि उनके ही करीबी रिश्तेदार अकबर अली मेजर और उनके भाई फैसल वारसी ने अपने साथी गुंडों के साथ मिलकर उन पर जानलेवा हमला किया।
अचानक हुए इस हमले से वह काफी आहत हैं और उन्होंने इसे सोची-समझी साजिश बताया है। वायरल वीडियो में भी कुछ लोगों द्वारा उनके साथ अभद्रता करते हुए देखा जा सकता है।घटना के बाद डॉ. आलिया जुबैरी न्याय की गुहार लगाते हुए अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद के घर पहुंचीं और वहां अपना दर्द बयां किया।
उन्होंने कहा कि एक पूर्व सांसद के साथ जब इस तरह की घटना हो सकती है तो आम महिलाओं की सुरक्षा का क्या हाल होगा। उन्होंने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
डॉ. जुबैरी ने साफ तौर पर कहा है कि वह इस पूरे मामले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और देश के गृह मंत्री से मिलकर शिकायत करेंगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगी।
वहीं इस घटना की सूचना अयोध्या कैंट पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है और कहा है कि तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



