मुजफ्फरनगर: एनएच-58 पर जलभराव से लगा लंबा जाम, कांवड़ियों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी
उप्र के मुजफ्फरनगर में लगातार दो दिनों की बारिश के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-58 (एनएच-58) पर नरा-जड़ौदा कट के पास जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर में लगातार दो दिनों की बारिश के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-58 (एनएच-58) पर नरा-जड़ौदा कट के पास जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई है।
सड़क पर पानी भर जाने से करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया जिससे कांवड़ियों, स्थानीय लोगों और अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर जलभराव की समस्या नई नहीं है। बारिश के दौरान यहां अक्सर पानी भर जाता है, जिसके कारण कई लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया।
हरिद्वार से 101 लीटर गंगाजल लेकर लौट रहे भोला जतिन ने बताया कि हरिद्वार से मुजफ्फरनगर तक कहीं भी इस तरह की जलभराव की स्थिति नहीं मिली, लेकिन जैसे ही वह दिल्ली की ओर बढ़े, नरा-जड़ौदा कट पर भारी जलभराव और लगभग एक किलोमीटर लंबा जाम मिला, जिससे कांवड़ यात्रा भी प्रभावित हुई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की लापरवाही के कारण यह समस्या लगातार बनी हुई है। उनका कहना है कि सड़क पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से हर बारिश में यही हाल हो जाता है।
वहीं, NHAI के संबंधित अधिकारी सकेत मिश्रा ने पूर्व में कहा था कि दो दिन पहले हुई बारिश का पानी निकाल दिया गया था। हालांकि, जब जनमत न्यूज की टीम मौके पर पहुंची तो सड़क पर दोबारा भारी जलभराव और लंबा जाम देखने को मिला। लोगों का आरोप है कि अब जिम्मेदार अधिकारी इस मुद्दे पर स्पष्ट जवाब देने से बच रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि NHAI तत्काल प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान जाम, दुर्घटनाओं और आमजन की परेशानियों से बचा जा सके।


