शाहजहांपुर में ट्यूबवेल के पिलर से लटका मिला किशोरी का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
उप्र के शाहजहांपुर जनपद के जलालाबाद क्षेत्र के कुरेबंडा गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खेत में बने ट्यूबवेल के पिलर से एक किशोरी का शव लटका मिला।
शाहजहांपुर से राजीव शुक्ला की रिपोर्ट
शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के शाहजहांपुर जनपद के जलालाबाद क्षेत्र के कुरेबंडा गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खेत में बने ट्यूबवेल के पिलर से एक किशोरी का शव लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं परिजनों ने किशोरी की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
दरअसल, पूरा मामला जलालाबाद कोतवाली क्षेत्र के परशुरामपुरी इलाके के कुरेबंडा गांव का है। मंगलवार सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने ट्यूबवेल के पिलर से एक किशोरी का शव लटका देखा। मृतका की पहचान क्रांति पुत्री तुलाराम के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, किशोरी सोमवार रात शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। मंगलवार सुबह उसका शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं, मृतका के भाई ब्रह्मानंद और अन्य परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। खास बात यह है कि किशोरी के शव के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। पुलिस मोबाइल फोन की भी जांच करेगी, जिससे घटना से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
घटना की जानकारी मिलने पर जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरिप्रकाश वर्मा भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें उचित न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
वहीं, सीओ जलालाबाद और थाना प्रभारी मौके पर नहीं पहुंच सके। बताया गया कि राज्यपाल महोदय के शाहजहांपुर आगमन के चलते अधिकारी व्यस्त थे।
फिलहाल पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। किशोरी की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या खुलासा करती है।



