फर्रुखाबाद में चोरों के हौसले बुलंद, अध्यापक के घर से डेढ़ लाख की नगदी चोरी; पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
उप्र के फर्रुखाबाद जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस की लचर कार्यशैली और निष्क्रियता के चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं।
फर्रुखाबाद से वरुण दुबे की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज़। उप्र के फर्रुखाबाद जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस की लचर कार्यशैली और निष्क्रियता के चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं।
आए दिन हो रही वारदातों के बाद भी पुलिस किसी भी मामले का खुलासा करने में नाकाम साबित हो रही है, जिससे स्थानीय जनता में भारी रोष व्याप्त है। ताजा मामला सोमवार रात का है।
कस्बा के मोहल्ला पुराना गनीपुर निवासी अध्यापक अखिलेश वर्मा के घर चोरों ने धावा बोल दिया। पीड़ित अध्यापक ने बताया कि सोमवार रात लगभग 1 बजे छत के रास्ते से एक चोर घर के अंदर दाखिल हुआ। उस समय घर के लोग गहरी नींद में थे।
अखिलेश वर्मा दीवाली के काम-धंधे के कारण थक जाने के कारण सो रहे थे, उनका छोटा भाई नगर में चल रही रामलीला देखने गया था, और परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे।
घर के जीने का दरवाजा पूरी तरह बंद न होने के कारण चोर आसानी से अंदर घुसने में कामयाब हो गया। चोर सीधे अखिलेश वर्मा के कमरे में पहुंचा और अलमारी में रखी नकदी पार कर ली।
पीड़ित के अनुसार, चोर अलमारी से लगभग 50-50 हजार रुपये की नोटों की तीन गड्डियां (कुल डेढ़ लाख रुपये) निकालकर छत के रास्ते ही दबे पांव फरार हो गया। इसके अलावा चोर ने पास में रखे थैले को भी खंगाला। रात करीब डेढ़ बजे घर के बाहर के लोगों की आवाज़ सुनकर अखिलेश की आंख खुली और वे बाहर आए, तो पता चला कि उनकी छत से कोई चोर कूदकर भाग रहा है।
उन्होंने तुरंत कमरे में जाकर देखा तो अलमारी खुली पड़ी थी और नकदी गायब थी। घटना की सूचना तुरंत यूपी 112 को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच-पड़ताल शुरू की।
अखिलेश वर्मा के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। फुटेज को देखते समय मोहल्ले के लोगों ने चोर को पहचानने की कोशिश की, जिसके आधार पर मोहल्ले के ही एक युवक पर चोरी करने की गहरी आशंका जताई जा रही है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के समैचीपुर, नगला गुलरिया और अब कस्बा गनीपुर में लगातार हो रही बड़ी चोरियों के बाद भी स्थानीय पुलिस किसी भी घटना का सुराग लगाने में विफल रही है। पुलिस की इस कार्यप्रणाली और उच्चाधिकारियों की चुप्पी पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
एक तरफ जहां चोरों के हौसले बुलंद हैं और जनता की नींद उड़ी हुई है, वहीं पुलिस और जिम्मेदार अधिकारी चैन की नींद सो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर माल बरामद करने की मांग की है।



