मुजफ्फरनगर: शहीदों की याद में निकली अनोखी कांवड़, भगत सिंह-सुखदेव-राजगुरु के रूप में नजर आए शिवभक्त
कांवड़ यात्रा के दौरान उप्र के मुजफ्फरनगर जिले में एक अनोखी और देशभक्ति से ओत-प्रोत कांवड़ ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। कांवड़ यात्रा के दौरान उप्र के मुजफ्फरनगर जिले में एक अनोखी और देशभक्ति से ओत-प्रोत कांवड़ ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। यह कांवड़ देश के अमर क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि देने के संदेश के साथ मुजफ्फरनगर पहुंची।
इस कांवड़ में शिवभक्तों ने भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु का स्वरूप धारण किया हुआ था। उनके हाथों में हथकड़ियां थीं और साथ चल रहा एक व्यक्ति ब्रिटिश शासन के सिपाही के रूप में नजर आया, जो हथकड़ी की रस्सी पकड़े हुए था। कांवड़ यात्रा के दौरान यह दृश्य लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा।
शिवभक्तों ने इस अनोखे स्वरूप के जरिए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले क्रांतिकारियों की शहादत को नमन किया। कांवड़ में आस्था के साथ देशभक्ति का संदेश भी देखने को मिला।
मुजफ्फरनगर की सड़कों से गुजरती इस कांवड़ को देखने के लिए लोगों की नजरें थम गईं। भगवान भोलेनाथ की भक्ति और देश के अमर शहीदों की याद का यह अनोखा संगम कांवड़ यात्रा में चर्चा का विषय बना हुआ है।




