औरैया में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आगाज: 31 जनवरी तक चलेगा जागरूकता अभियान, यातायात नियमों पर होगा विशेष फोकस
कार्यक्रम का आयोजन परिवहन विभाग द्वारा एआरटीओ एनसी शर्मा के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से सुरक्षित यातायात हेतु जागरूकता बढ़ाने की रणनीति साझा की।
औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —
औरैया / जनमत न्यूज। जनपद औरैया में नए वर्ष के साथ राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ किया गया। 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक चलने वाले इस विशेष जागरूकता अभियान का उद्देश्य जनमानस में सड़क सुरक्षा को लेकर चेतना जागृत करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। उपसंभागीय परिवहन कार्यालय, औरैया में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में जिलाधिकारी इन्द्रमणि त्रिपाठी (IAS) एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती (IPS) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन परिवहन विभाग द्वारा एआरटीओ एनसी शर्मा के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से सुरक्षित यातायात हेतु जागरूकता बढ़ाने की रणनीति साझा की। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा से सीधे जुड़ा दायित्व है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि नियमों का पालन कर न केवल स्वयं बल्कि दूसरों की भी सुरक्षा सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाली दुर्घटनाएं दुखद एवं रोकी जा सकने वाली हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग नियमित चेकिंग, हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता तथा जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने संदेश दिया कि निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे में वाहन न चलाना, मोबाइल का उपयोग न करना तथा नियमों का अनुपालन दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोक सकता है। सड़क सुरक्षा माह के दौरान परिवहन विभाग और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से जनजागरूकता रैलियां, कार्यशालाएं, स्कूलों में सत्र और सड़कों पर विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
अभियान के माध्यम से प्रशासन का लक्ष्य दुर्घटना संभावित बिंदुओं पर सुधार, यातायात अनुशासन लागू करना और लोगों में सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

Janmat News 
