नोडल अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई की इमरजेंसी का किया निरीक्षण
निरीक्षण के समय नोडल अधिकारी ने इमरजेंसी में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर उपचार की स्थिति, दवाओं की उपलब्धता तथा चिकित्सकों व स्टाफ के व्यवहार के संबंध में जानकारी ली।
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट —
उरई/जनमत न्यूज। उ०प्र० शासन के सचिव, कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग द्वारा नियुक्त जनपद के नोडल अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने राजकीय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी इकाई का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्थाओं, चिकित्सकीय सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सकों की उपस्थिति का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के समय नोडल अधिकारी ने इमरजेंसी में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर उपचार की स्थिति, दवाओं की उपलब्धता तथा चिकित्सकों व स्टाफ के व्यवहार के संबंध में जानकारी ली। मरीजों और तीमारदारों ने बताया कि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और उपचार में किसी प्रकार की गंभीर परेशानी नहीं है।
नोडल अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि इमरजेंसी सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आपातकालीन कक्ष में आने वाला प्रत्येक मरीज शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उसका उपचार त्वरित, संवेदनशील तथा मानवीय दृष्टिकोण से किया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि इमरजेंसी में आवश्यक दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और पर्याप्त स्टाफ की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रहे। नोडल अधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सीधे आमजन के जीवन से जुड़ी होती है, इसलिए चिकित्सकीय सेवाओं में समयबद्धता, पारदर्शिता और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है। साथ ही मेडिकल कॉलेज प्रशासन को निर्देशित किया गया कि इमरजेंसी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करते हुए किसी भी प्रकार की कमी को तत्काल दूर किया जाए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ दुर्गेश कुमार, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं अधीक्षक, संबंधित चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Janmat News 
