अलीगढ़ में प्रॉपर्टी विवाद ने ली जान, बड़े भाई व परिवार ने छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या

बड़े भाई ने अपने पूरे परिवार के साथ मिलकर छोटे भाई की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई

अलीगढ़ में प्रॉपर्टी विवाद ने ली जान, बड़े भाई व परिवार ने छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट —

अलीगढ़/जनमत न्यूज। कोतवाली बन्नादेवी क्षेत्र के बरौला इलाके में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर रिश्तों का खून हो गया। बड़े भाई ने अपने पूरे परिवार के साथ मिलकर छोटे भाई की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई, वहीं पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक देवेंद्र कुमार का अपने बड़े भाई श्याम कुमार से प्रॉपर्टी को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। घटना के समय देवेंद्र अपनी पत्नी मालती के साथ घर में चाय पी रहा था। इसी दौरान श्याम कुमार अपने दोनों बेटों जीतू व सूरज और पत्नी सीमा के साथ देवेंद्र के घर में घुस आया। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद सभी ने मिलकर देवेंद्र को आंगन से खींचकर बाहर रास्ते में ले गए और लोहे के तारों पर गिराते हुए जमीन पर पटक दिया।

आरोपियों ने देवेंद्र के साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की और उसके सीने पर लगातार वार किए। आरोप है कि हमलावरों ने उसकी गर्दन दबाकर जान ले ली। पत्नी मालती जब तक मौके पर पहुंची, उससे पहले ही आरोपी परिवार मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े देवेंद्र को मालती निजी अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने देवेंद्र को मृत घोषित कर दिया।

पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी बदहवास हो गई और परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने बड़े भाई श्याम कुमार, उसकी पत्नी और बेटों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मालती ने बताया कि उसकी शादी को अभी छह साल भी पूरे नहीं हुए थे और उसका पति दो छोटे-छोटे मासूम बच्चों—एक बेटा और एक बेटी—को छोड़कर इस दुनिया से चला गया। घटना के बाद से पूरा परिवार सदमे में है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की गहन जांच जारी है।