उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक का हरदोई स्टेशन पर औचक निरीक्षण, कार्य मानक से कम मिलने पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप न मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के सख्त निर्देश दिए।

उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक का हरदोई स्टेशन पर औचक निरीक्षण, कार्य मानक से कम मिलने पर जताई नाराजगी
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज। राजेश कुमार पांडे ने सोमवार को हरदोई रेलवे स्टेशन और बालामऊ जंक्शन का औचक निरीक्षण कर निर्माणाधीन कार्यों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप न मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के सख्त निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों, निर्माणाधीन भवनों और यात्री सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जहां-जहां कमियां पाई गईं, उन्हें तय समय सीमा में दूर कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

हरदोई निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक का काफिला बालामऊ जंक्शन पहुंचा, जहां उन्होंने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, रेल पटरियों के रखरखाव और यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडल के कई वरिष्ठ रेल अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्हें भविष्य की परियोजनाओं के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

महाप्रबंधक के इस औचक निरीक्षण से रेल विभाग में पूरे दिन हलचल बनी रही। उनके कड़े तेवरों को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले समय में स्टेशन की व्यवस्थाओं में बड़े सुधार देखने को मिल सकते हैं।