रेस्क्यू के बाद भी जाल से निकलकर फरार हुआ तेंदुआ, वन विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

तेंदुए को पकड़ने के लिए महाराजगंज से वन विभाग की रेस्क्यू टीम को खड्डा बुलाया गया था। घंटों की मशक्कत के बाद तेंदुए को जाल में फंसाया गया, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में चूक के चलते वह अचानक जाल तोड़कर भाग निकला।

रेस्क्यू के बाद भी जाल से निकलकर फरार हुआ तेंदुआ, वन विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट —

कुशीनगर/जनमत न्यूज। खड्डा थाना क्षेत्र के सिसवा गोपाल गांव में तेंदुए के रेस्क्यू के दौरान वन विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। गन्ने के खेत में फंसे तेंदुए को पकड़ने के लिए की गई कार्रवाई के बाद भी तेंदुआ जाल से निकलकर फरार हो गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार, तेंदुए को पकड़ने के लिए महाराजगंज से वन विभाग की रेस्क्यू टीम को खड्डा बुलाया गया था। घंटों की मशक्कत के बाद तेंदुए को जाल में फंसाया गया, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में चूक के चलते वह अचानक जाल तोड़कर भाग निकला। तेंदुए के फरार होते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने रेस्क्यू के दौरान पूरी सतर्कता नहीं बरती। वन रेंजर पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुख्ता इंतजाम किए गए होते तो तेंदुआ फरार नहीं होता।

तेंदुए के भागने के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। लोग खेत-खलिहानों में जाने से डर रहे हैं और बच्चों व बुजुर्गों को घर से बाहर निकलने से रोका जा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू करने की तैयारी की है। तेंदुए को पकड़ने के लिए टीम को फिर से बुलाया जा रहा है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस बल भी मौके पर तैनात है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

इस पूरे घटनाक्रम ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।