पीआरडी महिला जवान का ऑडियो वायरल, न्याय न मिलने पर आत्मदाह की चेतावनी से प्रशासन में हड़कंप

पीआरडी की एक महिला जवान द्वारा लगाए गए कथित उत्पीड़न के आरोप और उससे जुड़ा ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

पीआरडी महिला जवान का ऑडियो वायरल, न्याय न मिलने पर आत्मदाह की चेतावनी से प्रशासन में हड़कंप
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —

मुज़फ्फरनगर/जनमत न्यूज। जनपद मुज़फ्फरनगर में पीआरडी विभाग से जुड़ा एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। पीआरडी की एक महिला जवान द्वारा लगाए गए कथित उत्पीड़न के आरोप और उससे जुड़ा ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व पीआरडी की महिला जवान अपने कुछ साथियों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची थी, जहां उसने विभागीय स्टाफ पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता का कहना है कि शिकायत के बाद की गई कार्रवाई से वह संतुष्ट नहीं है और उसे न्याय नहीं मिला है।

इसी नाराज़गी के बीच महिला जवान का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह यह कहते हुए सुनाई दे रही है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह विकास भवन पहुंचकर आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होगी। ऑडियो के वायरल होते ही मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस अलर्ट हो गई है।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे मामले पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। पीड़िता को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, शिकायत की पुनः समीक्षा और तथ्यों की जांच की संभावना भी जताई जा रही है।

हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस पूरे प्रकरण को लेकर जिला प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले को लेकर जिले में चर्चा का माहौल बना हुआ है।