अमेठी में लूट के प्रयास के मामले में एक गिरफ्तार, आरोपी के कब्जे से तमंचा-कारतूस बरामद

उप्र के​ अमेठी जनपद के थाना शिवरतनगंज क्षेत्र में घर में घुसकर तमंचे के बल पर नगदी लूटने का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

अमेठी में लूट के प्रयास के मामले में एक गिरफ्तार, आरोपी के कब्जे से तमंचा-कारतूस बरामद
Published By- Diwaker Mishra

अमेठी से राम मिश्रा की रिपोर्ट

अमेठी/जनमत न्यूज़। उप्र के​ अमेठी जनपद के थाना शिवरतनगंज क्षेत्र में घर में घुसकर तमंचे के बल पर नगदी लूटने का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ है।

पुलिस ने संबंधित धाराओं व आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र निवासी सत्य प्रकाश साहू ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 27 सितंबर की रात करीब 7:30 बजे वह अपने घर में बैठे थे।

इसी दौरान चेहरे पर कपड़ा बांधे संजय यादव अपने साथी सूरज यादव के साथ शटर उठाकर घर में घुस आया। आरोप है कि दोनों ने तमंचा सटाकर नगदी लूटने का प्रयास किया। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपियों ने तमंचे की बट से मारपीट की।

शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी तो दोनों आरोपी मौके से भागने लगे। इसी दौरान उनके चेहरे से कपड़ा हट गया, जिससे उनकी पहचान हो गई। दोनों पास की झाड़ियों की ओर भागे, लेकिन ग्रामीणों की मदद से संजय यादव को पकड़ लिया गया।

पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी के पास से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना शिवरतनगंज में संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।