मामूली कहासुनी पर चाचा ने भाभी और भतीजे को मारी गोली, दोनों गंभीर रूप से घायल, आरोपी फरार
एटा जिले के पिलुआ थाना क्षेत्र में मामूली विवाद पर चाचा ने अपने ही भतीजे और भाभी को गोली मार दी। दोनों घायल, मेडिकल कॉलेज में भर्ती। आरोपी फरार।

एटा/जनमत न्यूज़:- एटा जिले के पिलुआ थाना क्षेत्र के कर्मपुर धर्मपुर गांव में एक मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया, जब एक व्यक्ति ने अपने ही भतीजे और भाभी पर गोली चला दी। इस सनसनीखेज वारदात में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से आरोपी चाचा फरार है, जबकि घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
घटना बुधवार दोपहर की है। जानकारी के अनुसार, आरोपी अमर सिंह पुत्र भीमसेन ने मामूली कहासुनी के बाद अपने सगे भतीजे सुखवीर (20 वर्ष) और उसकी मां गीता देवी को गोली मार दी। गोली लगने से मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पिलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज, एटा भेजा गया। क्षेत्राधिकारी सदर संजय सिंह भी मौके पर पहुंचे और मेडिकल कॉलेज में घायलों का हालचाल जाना।
घायल सुखवीर ने अस्पताल में बयान देते हुए बताया: “अमर सिंह ने मेरे चारपाई पर रखे बच्चे के पास पत्ता फेंक कर मारा, जिसका मैंने विरोध किया। इसी बात पर गुस्से में आकर उसने गोली चला दी। गोली मेरी मां और मुझे दोनों को लगी है।”
पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार की तलाश की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक रंजिश और आक्रोश का बताया जा रहा है।
फिलहाल स्थिति सामान्य है दोनों घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, आरोपी अमर सिंह फरार है पुलिस दबिश दे रही है| गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है| सुरक्षा के लिए फोर्स तैनात है |